
सहारनपुर में नकली सिक्के बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश होने के बाद अब पुलिस की जांच का फोकस पूरे नेटवर्क पर है. करीब 25 साल से नकली सिक्के बना रहे मास्टरमाइंड उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह के पुराने संपर्कों और कारोबार की कड़ियां खंगाली जा रही हैं. पुलिस के हाथ लगे सात हिसाब-किताब के रजिस्टर और आठ मोबाइल फोन अब इस मामले की सबसे अहम कड़ियां माने जा रहे हैं. इनसे यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि नकली सिक्के कहां बनाए जाते थे, किन लोगों तक पहुंचते थे और बाजार में इन्हें खपाने का नेटवर्क कितना बड़ा था. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में कुल आठ लोगों के गिरोह की जानकारी सामने आई है. बाकी तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है.
इस मामले में सबसे अहम नाम मोहाली, पंजाब निवासी उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह का सामने आया है. पुलिस के मुताबिक वह वर्ष 2001 से नकली सिक्के बनाने के धंधे में शामिल बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार दिल्ली पुलिस उसे पहले गिरफ्तार कर चुकी है और एक समय उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था. अब सहारनपुर पुलिस उसके पुराने मामलों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है. जांच अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इतने लंबे समय में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े और क्या पुराने नेटवर्क के लोग ही अलग-अलग जगहों पर नए ठिकानों के साथ सक्रिय रहे. यही जांच यह भी बताएगी कि सहारनपुर में नया बेस बनाने की तैयारी के पीछे कौन लोग थे
नकली सिक्कों के साथ बरामद सात रजिस्टर पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सबूत हो सकते हैं. इन रजिस्टरों में दर्ज जानकारी से गिरोह के लेनदेन और सप्लाई नेटवर्क की तस्वीर सामने आने की उम्मीद है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रजिस्टर में दर्ज नाम और नंबर किससे जुड़े हैं. यदि इनमें सिक्कों की सप्लाई, रकम या खरीदारों से जुड़ी जानकारी मिलती है तो जांच सीधे उन लोगों तक पहुंच सकती है, जो गिरोह के लिए बाजार तैयार करते थे. यानी पुलिस ने सिक्के बनाने वाली जगह तक तो पहुंच बना ली है, अब उसकी कोशिश उन रास्तों को तलाशने की है जिनसे ये सिक्के बाजार तक पहुंचते थे. रजिस्टर के साथ बरामद आठ मोबाइल फोन भी जांच का बड़ा आधार हैं. पुलिस इनसे आरोपियों के संपर्कों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. किससे लगातार बातचीत होती थी? किन राज्यों में संपर्क था? सहारनपुर आने से पहले आरोपी कहां सक्रिय थे? सिक्कों की सप्लाई के लिए किन लोगों से संपर्क किया जाता था? पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है. जांच में सामने आने वाले नंबरों और संपर्कों को आरोपियों के पुराने नेटवर्क से भी मिलाया जा सकता है. इससे गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की संभावना है.
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने नकली सिक्के बनाने के लिए इंडस्ट्रियल लेवल का सेटअप तैयार किया था. यहां करीब 12 हजार 20 रुपये के नकली सिक्के प्रतिदिन तैयार करने की क्षमता थी. कार्रवाई के दौरान छह मशीनें, लोहे की डाई, बिना मोहर की डाई, मोहर लगी डाई, पॉलिशिंग मशीन और दूसरे उपकरण बरामद हुए हैं. बड़ी संख्या में अधबने सिक्के भी मिले हैं. पुलिस के मुताबिक यह सेटअप किसी छोटे स्तर के प्रयोग के लिए नहीं था. इससे बड़े पैमाने पर सिक्के तैयार किए जा सकते थे. हालांकि पुलिस अभी यह मानकर नहीं चल रही है कि वर्ष 2001 से हर दिन इसी क्षमता पर सिक्के बनाए जाते रहे. इसी वजह से बाजार में खपाए गए सिक्कों की वास्तविक संख्या और रकम का आंकड़ा जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा.











