
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में उस वक्त लोग सुखद आश्चर्य में पड़ गए, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काफिला सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के छोटे से पसरे के पास अचानक रुक गया। मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के मीरा से आत्मीय संवाद करते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए स्वयं मिट्टी का दीया खरीदा और उसके श्रम व स्वावलंबन के सम्मान स्वरूप उसे एक हजार रुपये दिए।
इस दौरान जब सीएम ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी, तो मीरा ने बताया कि उसका जनधन खाता खुला है और महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने नियमित 1000 की राशि सीधे खाते में मिल रही है।
सीएम साय ने स्थानीय कारीगरों व हुनरमंदों को आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की रीढ़ बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में जन-जन की भागीदारी जरूरी है; स्थानीय उत्पादों को अपनाना केवल खरीद नहीं बल्कि किसी परिवार के स्वाभिमान को संबल देना है। इस मौके पर रायपुर ग्रामीण विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।











