
छत्तीसगढ़ के गौरेला से रिश्ते को शर्मसार करने वाला हत्या का मामला सामने आया है। ग्राम अंजनी में एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम अंजनी में झाड़ियों के बीच महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जेपी एग्रोटेक में काम करने वाले मजदूरों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी लक्ष्मी कुमारी, पति सुमित कुमार यादव के रूप में हुई।
दूसरी नजर से देखा तो भड़क गया पति
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 9 सितंबर की रात लक्ष्मी कुमारी के पति सुमित यादव (32) ने उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ देख लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई और गुस्से में आकर सुमित ने चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने मामले को अलग दिशा देने और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
साक्ष्यों ने खोला हत्या का राज
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों को खंगाला। जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस का शक पति सुमित यादव पर गहराता गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गौरेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।











