
जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जर्वे से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हाल ही में हुए दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज हत्याकांड के फरार आरोपी टिमनलाल भारद्वाज ने आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2026 को जमीन खरीद-बिक्री के विवाद में देवानंद भारद्वाज की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 86/26 दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
इसी बीच शनिवार को ग्रामीणों ने सूचना दी कि आरोपी गांव वापस लौटा है और उसने अपने घर के पीछे गमछे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी दोपहर के समय खेत के रास्ते घर पहुंचा और आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, वहीं इस घटना के बाद गांव में दहशत और सनसनी का माहौल बना हुआ है।











