
बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथर्रा में प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में एक जिम संचालक एवं बाउंसर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान निखिल गोस्वामी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात निखिल गोस्वामी कोटा स्थित अपने किराए के मकान में मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला से उनके मेलजोल को लेकर शक करने वाले आरोपी पति का निखिल से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले निखिल की आँखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल निखिल को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सिम्स अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।












