
प्रमोद कुमार सोनवानी की रिपोर्ट
गौरेला पेंड्रा मरवाही। राज्य सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिले में महिला खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन खण्ड स्तर पर 17 एवं 18 अक्टूबर और जिला स्तर पर 29 एवं 30 अक्टूबर को किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में 9 से 18 और 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स 100 एवं 400 मीटर दौड़, तवा फेंक एकल, खो-खो टीम, बैडमिंटन सिंगल-डबल, वॉलीबॉल टीम, फूटबाल टीम और 9 से 18 वर्ष के लिए 460 किलोग्राम एवं 18 से 35 वर्ष के लिए 500 किलोग्राम रस्साकसी खेल शामिल किया गया है। विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता माधव राव सप्रे कॉलेज मैदान गौरेला, फिजिकल कॉलेज मैदान पेण्ड्रा एवं आयुष बीएड कॉलेज खेल मैदान मरवाही में और जिला स्तरीय प्रतियोगिता फिजिकल कॉलेज खेल मैदान पेण्ड्रा में आयोजित होगा। विकासखण्ड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ी भी जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।
कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए गौरेला ब्लॉक के लिए दिनेश सिंह दाऊ, पेण्ड्रा ब्लॉक के लिए घनश्याम राजपूत एवं मरवाही ब्लॉक के लिए अनीश मसीह को और जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए सीमा डेविड को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला श्रम अधिकारी, तीनों जनपदों के सीईओ, सीएमओ तथा सभी पंचायत सचिवों, सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों को परिपत्र जारी कर महिला खेल-कूद प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न कराने कहा गया है।











