
ओडिशा । Viral News: केओंझार जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बैंक से ₹19,300 निकालने के लिए मौत का सबूत मांगे जाने पर एक गरीब आदिवासी भाई अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंच गया। यह दृश्य देखकर बैंक के बाहर मौजूद लोग सन्न रह गए।
मामला पटना ब्लॉक के मल्लीपासि इलाके का है। डियानाली गांव निवासी जीतू मुंडा की बहन कालरा मुंडा के खाते में ₹19,300 जमा थे। दो महीने पहले बहन की मौत हो चुकी थी। उसका पति और इकलौती संतान भी पहले ही गुजर चुके थे, ऐसे में जीतू ही परिवार का एकमात्र जीवित सदस्य बचा था।
जब जीतू बैंक से पैसे निकालने पहुंचा तो अधिकारियों ने डेथ सर्टिफिकेट और कानूनी वारिस होने का प्रमाण मांगा। गरीब और अशिक्षित जीतू के पास न दस्तावेज थे, न प्रक्रिया की जानकारी। मजबूर होकर वह लौट गया।
सोमवार को जीतू बहन की कब्र पर पहुंचा, अवशेष निकाले, उन्हें कपड़े में लपेटा और करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर बैंक पहुंच गया। यह नजारा देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बैंक प्रशासन पर सवाल उठाए और कहा कि मानवीय आधार पर भी समाधान निकाला जा सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जीतू को समझाया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले को संवेदनशीलता से देखा जाएगा और बैंक से जवाब मांगा गया है।











